बेंगलुरु, 28 मई 2026 : कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आज अपने पद से इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ एक अहम नाश्ता बैठक बुलाई है, जिसके बाद वे इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, बैठक के बाद सिद्धारमैया राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। वहीं, कांग्रेस हाईकमान ने सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला को पहले ही बेंगलुरु भेज दिया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सिद्धारमैया जल्द ही राज्यसभा की राजनीति की ओर रुख कर सकते हैं। दूसरी ओर, कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राज्य की राजनीति में तेज हलचल शुरू हो गई है। पार्टी नेताओं और समर्थकों की नजरें अब मुख्यमंत्री आवास और कांग्रेस नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।