बठिंडा, 21 मई 2026: पंजाब के बठिंडा शहर में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के मुताबिक शहर के करीब आधा दर्जन निजी और नामी स्कूलों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। धमकी भरा पत्र सामने आने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
सूत्रों के अनुसार यह धमकी कथित तौर पर किसी खालिस्तानी संगठन की ओर से दी गई बताई जा रही है, हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
डीएसपी सिटी अरुण मुंडन ने स्कूलों को धमकी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
धमकी के बाद शहर के कई सरकारी और निजी स्कूलों में पुलिस, स्पेशल ब्रांच और खुफिया एजेंसियों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। स्कूल बैग, कैंपस, पार्किंग एरिया और आसपास के इलाकों की गहन जांच की गई। स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा बढ़ाने और प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक धमकी भरे पत्र में बठिंडा-दिल्ली-अमृतसर रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही गई है। साथ ही लोगों को 6 जून तक रेल यात्रा न करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद रेलवे स्टेशनों, ट्रैकों और संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।