मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में हर खेत तक पहुंचाया जाएगा पानी: दलवीर सिंह ढिल्लों
धूरी, 17 मई,2026 : पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने विधानसभा क्षेत्र धूरी के गांव लड्डा में नहरी पानी की भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और किसान मौजूद रहे।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत आ रही है, जिसके तहत करीब 25 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए 5 मोगे भी लगाए जाएंगे, जिससे नहरी पानी की सप्लाई को अधिक व्यवस्थित और समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा।
चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा किसानों की भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि “हर खेत तक पानी” पहुंचाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस तरह के प्रोजेक्ट से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि खेतों तक पानी का समान वितरण भी सुनिश्चित होगा। भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली से पानी की बर्बादी कम होगी और किसानों को सिंचाई के लिए आसान और विश्वसनीय सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ भूमि को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी सुधार आएगा।
इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने पंजाब सरकार और चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए लंबे समय तक बड़ी सुविधा साबित होगा।






