Friday, June 5, 2026
HomePatialaपटियाला जिले में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पारदर्शी तरीके से...

पटियाला जिले में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पारदर्शी तरीके से करवाई जाएगी : डॉ. हिमांशु अग्रवाल

कहा, 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक घर-घर जाकर बीएलओ भरवाएंगे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन संबंधी फॉर्म

एस.आई.आर. के लिए जिले में 1786 बीएलओ, 185 सुपरवाइजर, 8 ईआरओ एवं 16 एईआरओ सहित पूरा चुनाव अमला लगाया गया – जिला चुनाव अधिकारी

पटियाला, 16 मई,2026 : पटियाला के जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन करवाने के आदेशों के तहत स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के अंतर्गत पटियाला जिले में 25 जून, 2026 से 24 जुलाई, 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने आज यहां बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार पटियाला जिले में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए जिले में 1786 बीएलओ, 185 सुपरवाइजर, 8 ईआरओ एवं 16 एईआरओ सहित पूरा चुनाव अमला तैनात किया गया है।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को औसतन 300 घर और 1200 मतदाता ही एस.आई.आर. के लिए दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब के निर्देशों के अनुसार जिले में एस.आई.आर. करवाने संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि एस.आई.आर. संबंधी बीएलओ को प्रशिक्षण देने तथा अन्य तैयारियों का कार्य 15 जून, 2026 से 24 जून, 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा अयोग्य व्यक्तियों को सूची से बाहर करना है।

जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि दोहरी वोट रखना भारतीय संविधान के अनुसार अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक के कारावास की सजा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदाताओं को एस.आई.आर. के अंतर्गत फॉर्म भरना होगा। उन्होंने बताया कि की गई प्री-एस.आई.आर. मैपिंग के तहत पटियाला में 15 लाख 21 हजार 133 मतदाता हैं, जिनमें से 12 लाख 39 हजार 790 की मैपिंग की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 81.50 प्रतिशत बनता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के लिए 1 जनवरी, 2003 को योग्यता तिथि निर्धारित किया गया है।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने एस.आई.आर. संबंधी अन्य जानकारी देते हुए बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य 24-07-2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का प्रारूप 31-07-2026 को प्रकाशित किया जाएगा। मतदाता सूचियों संबंधी आपत्तियां एवं दावे 31-07-2026 से 30-08-2026 तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। आपत्तियों एवं दावों का निपटारा 31-07-2026 से 28-09-2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 01-10-2026 को किया जाएगा।

जिला चुनाव अधिकारी ने जिले के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे भारतीय चुनाव आयोग द्वारा करवाई जा रही मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में बीएलओ को पूरा सहयोग दें। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए योग्यता तिथि 1 जनवरी, 2003 की मतदाता सूचियों को वर्तमान मतदाता सूचियों के साथ जोड़ दिया गया है, जिससे मतदाताओं को पुरानी मतदाता सूचियां खोजने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन संबंधी फॉर्म भरवाएंगे तथा फॉर्म पुनः प्राप्त करने के लिए मतदाताओं के घर जाकर तीन बार उनसे संपर्क करेंगे। उन्होंने बताया कि एस.आई.आर. के दौरान आधार कार्ड को केवल पहचान के स्रोत के रूप में ही मान्यता दी गई है, न कि पहचान के प्रमाण के रूप में।

डिप्टी कमिश्नर ने पंजाब राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे अपने ब्लॉक लेवल एजेंट अवश्य नियुक्त करें ताकि यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि कार्यालय जिला चुनाव अधिकारी, पटियाला द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के प्रत्येक चरण में राजनीतिक पार्टियों को शामिल किया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments