गुवाहाटी, 10 मई 2026 : केंद्रीय मंत्री जे.पी.नड्डा ने रविवार को घोषणा की कि हिमंत बिस्वा सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनके लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।असम में यह लगातार तीसरी एनडीए सरकार होगी। राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार वर्ष 2016 में सत्ता में आई थी,जिसकी अगुवाई सर्बानंद सोनोवाल ने की थी।भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में जे.पी. नड्डा मौजूद रहे,जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सह-पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ विधायकों और सहयोगी दलों असम गण परिषद (एजीपी) तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने हिमंत बिस्वा सरमा के नाम का समर्थन किया।विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने एनडीए विधायकों को संबोधित करते हुए चुनाव में मिले भारी जनादेश के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर जनता के भरोसे का प्रतीक है।
सरमा ने कहा कि नई सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि एनडीए गठबंधन के 102 विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को खानापारा वेटरनरी कॉलेज में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, एनडीए नेता और कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।






