नाभा, 6 मई 2026: पंजाब में आई बाढ़ के बाद राहत कार्यों में कई सामाजिक संस्थाओं और कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई थी। इसी कड़ी में पंजाबी लोक गायक रेशम अनमोल पाटियाला जिले के नाभा ब्लॉक के गांव थूही पहुंचे, जहां उन्होंने जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।
रेशम अनमोल ने बताया कि वह कुछ दिन पहले गांव में शूटिंग के सिलसिले में आए थे, जहां उन्होंने कई परिवारों की खराब हालत देखी। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था ‘अनमोल फाउंडेशन’ गांव के जरूरतमंद लोगों के घर बनाने से लेकर अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।
बेअदबी कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा कानून पूरे देश में लागू होना चाहिए। साथ ही उन्होंने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को सख्त सजा देने की मांग की और कहा कि बेटे को खोने का दर्द केवल माता-पिता ही समझ सकते हैं।
इस मौके पर गांववासियों ने रेशम अनमोल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी बाढ़ पीड़ितों की मदद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है और अब गांव के लोगों को भी हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।






