- फंड का इंतजार छोड़कर निगम के अपने संसाधनों से लेक की सफाई और फव्वारों की मरम्मत शुरू
- “शहर की ऐतिहासिक विरासत को चमकाना हमारी प्राथमिकता”: मेयर
- लेक के पानी की सफाई के बाद अब वॉकिंग ट्रैक और लाइटिंग पर दिया जाएगा जोर
पटियाला, 6 मई, 2026: शाही शहर की ऐतिहासिक धरोहर राजिंदरा लेक के कायाकल्प के लिए मेयर कुंदन गोगिया ने एक नई और अनोखी मिसाल पेश की है। लेक के विकास कार्यों के लिए सरकारी फंड का लंबा इंतजार करने की बजाय, मेयर की पहल पर नगर निगम की अपनी टीम मैदान में उतर आई है। बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के, निगम के अपने स्टाफ और संसाधनों का उपयोग करके लेक की सफाई और मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
मेयर कुंदन गोगिया ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि राजिंदरा लेक की धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से काफी महत्व है। उन्होंने कहा, “हम बड़े फंड के इंतजार में समय बर्बाद नहीं करना चाहते थे, इसलिए निगम के कर्मचारियों की मदद से सफाई और फव्वारों की मरम्मत का काम शुरू करवाया गया है।” वर्तमान में निगम के सफाई कर्मचारी पानी में से गंदगी निकालने में जुटे हुए हैं और तकनीकी टीम द्वारा फव्वारों को दोबारा चालू करने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है।
लेक के सौंदर्यीकरण को लेकर मेयर ने आगे की योजना भी साझा की। उन्होंने बताया कि सफाई के बाद अगले चरण में यहां आधुनिक वॉकिंग ट्रैक, बैठने के लिए नए बेंच और सुंदर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आनी चाहिए, क्योंकि यह परियोजना शहरवासियों की भावनाओं से जुड़ी हुई है।
नगर निगम की इस कार्यशैली से पटियाला के लोग बेहद खुश हैं। लोगों का कहना है कि बिना अतिरिक्त खर्च के अपने स्तर पर काम शुरू करना प्रशासन की सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही राजिंदरा लेक अपने पुराने स्वरूप में लौटकर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस दौरान मेयर के साथ नगर निगम के इंजीनियरिंग और स्वास्थ्य शाखा के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
फोटो: राजिंदरा लेक पर सफाई और फव्वारों के काम का जायजा लेते मेयर कुंदन गोगिया और नगर निगम की टीम।
जारीकर्ता:
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय,पटियाला
83609 66060






