मोहाली, 06 मई 2026: पंजाब एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मोहाली के चर्चित कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड में बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने मामले के मुख्य आरोपी आदित्य उर्फ मक्कन को त्रिपुरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मोहाली लेकर पहुंच चुकी है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, AGTF ने इससे पहले कोलकाता से इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान ही आदित्य उर्फ मक्कन का नाम सामने आया और उसके ठिकाने का पता चला।
पुलिस आज आरोपी को अदालत में पेश कर उसका रिमांड हासिल करेगी। बताया जा रहा है कि आदित्य इस हत्याकांड की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभाने वाला अहम कड़ी है।
गौरतलब है कि मोहाली में कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। जांच में सामने आया था कि इस वारदात के पीछे गैंगस्टरों का हाथ था। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों में छिप गए थे।
तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले कोलकाता में छापेमारी कर तीन शूटरों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।






