अजनाला, 30 अप्रैल 2026 : पंजाब के सांसद अमृतपाल सिंह को गुरुवार को अजनाला कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल से वर्चुअल माध्यम से अदालत में प्रस्तुत किया गया।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया, जिसके बाद अजनाला कोर्ट ने इस मामले को अमृतसर सेशन कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया। अब इस केस की सुनवाई 2 मई से अमृतसर में शुरू होगी।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह पर लगी National Security Act (NSA) की अवधि 22 अप्रैल को समाप्त हो गई थी और उन्हें 23 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया था। पुलिस ने 15 दिन के रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने केवल 2 दिन का रिमांड दिया। इसके बाद 25 अप्रैल को हुई पेशी में उन्हें 30 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट रीतू राज सिंह संधू ने बताया कि आज न्यायिक हिरासत की तारीख होने के कारण अमृतपाल सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच पूरी कर चालान अदालत में पेश कर दिया है और अब आगे की सुनवाई अमृतसर सेशन कोर्ट में होगी।
एडवोकेट संधू के अनुसार, एफआईआर नंबर 39 से जुड़े इस मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी को अदालत में पेश किया जा चुका है। अमृतपाल सिंह इस केस के अंतिम आरोपी थे, जिनकी पेशी आज पूरी हुई।
अदालत के आदेशानुसार अमृतपाल सिंह को फिलहाल असम की जेल में ही न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा और आगे की पेशियां भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही होंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस को अमृतपाल सिंह से किसी प्रकार की कोई रिकवरी नहीं हुई है। पहले वाहन और हथियार बरामद होने के दावे किए जा रहे थे, लेकिन जांच के दौरान कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 मई को अमृतसर सेशन कोर्ट में होगी, जहां से ट्रायल की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस केस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






