पंचकुला,29 अप्रैल 2026: हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी का 21 प्रमुख संकल्पों वाला मेनिफेस्टो जारी किया। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे।
मेनिफेस्टो में शहरी विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं की सुविधा के लिए शहरों में ‘पिंक टॉयलेट’ बनाने का वादा किया गया है, जिनमें सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और बच्चों के लिए फीडिंग रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा, शहरों को स्वच्छ और आधुनिक बनाने के लिए बेहतर प्रबंधन प्रणाली विकसित करने का संकल्प लिया गया है। मेनिफेस्टो में नगर निगम सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने तथा शहरी निवासियों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा विकास की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध रही है और नगर निगमों के माध्यम से शहरों की सूरत बदलने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। वहीं, पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।






