पटियाला, 25 अप्रैल 2026 (बलजीत सरना) : पिछले तीन दिनों से लापता 12 वर्षीय लड़की का शव नाभा रोड स्थित भाखड़ा नहर से बरामद हुआ है। गोताखोरों ने गुरुवार देर शाम नहर से शव निकाला, जिसकी पहचान शुक्रवार को आनंद नगर निवासी 12 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई।
लड़की का शव मिलने के बाद त्रिपड़ी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार द्वारा कई तरह के संदेह जताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या का मामला है या कोई अन्य कारण।
गोताखोर क्लब के प्रधान शंकर भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने गुरुवार देर शाम नहर से शव बरामद किया। शव को नहर के किनारे बांधकर उसकी फोटो साझा की गई। शुक्रवार दोपहर शव की पहचान होने के बाद उसे उसी शाम देर से रजिंद्रा अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया।






