उपायुक्त की निगरानी में फायर ब्रिगेड टीम ने जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया
भाई गुरजीत सिंह खालसा की सेहत और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा
सुरक्षित नीचे उतारने पर भाई खालसा व टावर मोर्चा ने जिला प्रशासन का धन्यवाद किया, कहा पूरी टीम के प्रयास सराहनीय
समाना, 24 अप्रैल,2026: पटियाला जिला प्रशासन ने आज सुबह समाना में एक संयुक्त बचाव अभियान चलाकर भाई गुरजीत सिंह खालसा को टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया। उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल की निगरानी में फायर ब्रिगेड टीम ने जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से इस बचाव अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा “जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) 2026” कानून लागू होने के बाद टावर मोर्चा समाना ने भाई खालसा को नीचे उतारने के लिए प्रशासन से संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रशासन ने पंजाब फायर सर्विस सहित विभिन्न टीमों को चौकस करते हुए भारतीय सेना से भी तकनीकी सहायता ली।
आज समाना में इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहीं एडीसी (ज) सिमरप्रीत कौर, एसपी (एच) वैभव चौधरी, अभियान के नोडल अधिकारी एसडीएम समाना रिचा गोयल और डीएसपी फतेह सिंह बराड़ की उपस्थिति में पंजाब फायर सर्विस के सहायक मंडल फायर अधिकारी हरिंदरपाल सिंह की टीम ने यह बचाव कार्य पूरा किया।
उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान जिला प्रशासन ने भाई खालसा के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि नीचे उतरते ही समाना के एसएमओ डॉ. नंदनी शर्मा और सरकारी मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. परमिंदर पाल सिंह की मेडिकल टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की।
टावर से सुरक्षित नीचे उतारने पर टावर मोर्चा समाना ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एसएसपी वरुण शर्मा के नेतृत्व में एसडीएम रिचा गोयल, डीएसपी फतेह सिंह बराड़, पंजाब फायर सर्विस और मेडिकल टीम के प्रबंधों व प्रयासों की सराहना की।
अभियान की नोडल अधिकारी एसडीएम रिचा गोयल ने बताया कि उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में यह बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड द्वारा नगर निगम लुधियाना से टर्न टेबल लैडर मंगवाई गई थी।
बचाव अभियान के बारे में जानकारी देते हुए सहायक मंडल फायर अधिकारी हरिंदरपाल सिंह, फायर स्टेशन अधिकारी राजिंदर कौशल और राजिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब फायर सर्विस की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) ने टर्न टेबल लैडर (टीटीएल) के माध्यम से टावर पर 180 फीट की ऊंचाई तक पहुंच बनाई। इसके बाद टीम ने 150 फीट तक हार्नेस, पुली और रस्सियों की मदद से भाई खालसा के स्थान तक पहुंचकर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित किया और सीढ़ी के माध्यम से हार्नेस लगाकर रस्सी से 125 फीट नीचे उतारा तथा फायर ब्रिगेड की टर्न टेबल लैडर हाइड्रोलिक के केबिन में शिफ्ट किया।
इस दौरान टावर पर गए सब फायर अधिकारी रमन कुमार की टीम के सदस्यों—फायरमैन कमलजीत सिंह, गगनदीप सिंह, गुरचरण सिंह, अमनदीप सिंह और कृष्ण कुमार—ने फुल बॉडी हार्नेस (बेल्ट), स्ट्रेचर, पुली, रस्सी, नॉन-स्लिप सेफ्टी ग्लव्स, हाई वोल्टेज सेफ्टी सिस्टम और वायरलेस सेट का उपयोग करते हुए पूरे अभियान को सुरक्षित और सावधानीपूर्वक अंजाम दिया। टीटीएल के ऑपरेटर रवि शंकर और अमनिंदर सिंह ने इस अत्याधुनिक लिफ्ट को तकनीकी दक्षता के साथ संचालित किया।






