लुधियाना, 23 अप्रैल 2026: शहर के शेरपुर इलाके स्थित स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया और पुलिस को सूचना दी।
स्कूल के प्रिंसिपल अनिल शर्मा के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे स्कूल को एक ईमेल के जरिए धमकी मिली, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने और उसे उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए सभी अभिभावकों को सूचित किया और लगभग 2,500 छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे स्कूल परिसर की तलाशी शुरू कर दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान नहीं मिला है।
प्रिंसिपल ने बताया कि यह पहली बार है जब स्कूल को इस तरह की धमकी मिली है, जिससे स्टाफ और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने धमकी भरे ईमेल की जानकारी पुलिस को सौंप दी है और अब पुलिस ईमेल आईडी के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।






