विनिपेग (कनाडा), 22 अप्रैल 2026: कनाडा से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सड़क हादसे में एक पंजाबी युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय जुगराज सिंह जोगी पुत्र सुरिंदरपाल सिंह के रूप में हुई है, जो जसपालों गांव का रहने वाला था।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, जुगराज सिंह वर्ष 2017 में कनाडा गया था और वहां स्थायी निवासी (PR) के रूप में रह रहा था। वह विनिपेग में अपनी बहन के पास रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों जुगराज सिंह के ट्राले की टक्कर दूसरे ट्राले से हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दूसरे ट्राले में सवार दो अन्य पंजाबी युवकों की भी जान चली गई।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि जुगराज सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और स्वभाव से बहुत ही मिलनसार और मेहनती था। उसकी असमय मौत से पूरे इलाके में गहरा दुख छा गया है।
परिजनों ने बताया कि जुगराज सिंह का अंतिम संस्कार कनाडा में ही किया जाएगा। उसके माता-पिता और अन्य परिजन अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कनाडा रवाना हो चुके हैं।






