वित्त मंत्री ने महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के संस्थागत प्रवेश समारोह में की शिरकत
भगवंत मान सरकार ने 4 वर्षों में 66 हजार सरकारी नौकरियां देकर युवाओं का ब्रेन ड्रेन रोका – चीमा
पटियाला, 20 अप्रैल, 2026: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य में नशों के खात्मे तथा खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 1793 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। वे यहां सिद्धूवाल स्थित महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के नए परिसर में आयोजित संस्थागत प्रवेश के उपलक्ष्य में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ के भोग समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
इस अवसर पर वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल ने वित्त मंत्री सहित सभी उपस्थित संगत का धन्यवाद किया और हरपाल सिंह चीमा को सिरोपा भेंट किया।
वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को संभालने के लिए भगवंत मान सरकार ने जहां नशों के खिलाफ युद्ध शुरू किया है, वहीं खेलों को भी प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार वर्षों में 66 हजार सरकारी नौकरियां देकर युवाओं के ब्रेन ड्रेन को रोकने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि पंजाब में पासपोर्ट बनवाने की प्रवृत्ति में कमी आई है और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ने के कारण वे विदेश जाने से परहेज करने लगे हैं, जिससे राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में दाखिले भी बढ़े हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछली किसी भी सरकार ने खेलों के लिए 150 करोड़ रुपये से अधिक का बजट कभी निर्धारित नहीं किया था, जिसके कारण पंजाब खेलों में पिछड़ रहा था और बुनियादी ढांचे की कमी के चलते युवा नशों की ओर आकर्षित हो रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने गांव-गांव में खेल मैदान और बेहतर स्टेडियम बनाने के लिए लगातार अधिक बजट दिया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
हरपाल सिंह चीमा, जिनके पास कर, आबकारी और परिवहन विभाग भी हैं, ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के अकादमिक ब्लॉक तथा लड़कों और लड़कियों के हॉस्टलों की 53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नई इमारतों का उद्घाटन किया है और शेष परिसर के निर्माण के लिए भी जल्द ही धन उपलब्ध कराया जाएगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि पंजाब का कर्ज बढ़ा नहीं है, बल्कि डेब्ट-टू-जीडीपी अनुपात के अनुसार 3 प्रतिशत तक कमी लाने में सरकार सफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ईमानदारी और पारदर्शिता के कारण जीएसटी की आय में 100 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है और यह 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये हो गई है। इसी तरह स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन से आय 12 हजार करोड़ से बढ़कर 30 हजार करोड़ रुपये तथा आबकारी विभाग की आय 6551 करोड़ रुपये से बढ़कर 12,800 करोड़ रुपये वार्षिक हो गई है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से पंजाब “रंगला पंजाब” बनने की ओर अग्रसर है।
पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल ने विश्वास दिलाया कि उनकी यूनिवर्सिटी राज्य सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने तथा नशों के खात्मे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर पंजाबी यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. जगदीप सिंह, पंजाब एग्रो के चेयरमैन बलजिंदर सिंह ढिल्लों, जिला योजना समिति के चेयरमैन तेजिंदर मेहता, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विरक, अमरीक सिंह बंगड़, अमित डाबी, कर्नल जे.वी., जसवीर सिंह गांधी, रजिस्ट्रार कर्नल परपिंदर सिंह सिद्धू, पूर्व डीआईजी मंदीप सिंह सिद्धू, एडवोकेट स्वर्ण सिंह, कमलजीत सिंह ढींडसा, गांव सिद्धूवाल की ग्राम पंचायत तथा अन्य ग्रामीणों सहित यूनिवर्सिटी के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन:
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के संस्थागत प्रवेश समारोह में भाग लेते हुए। उनके साथ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी दिखाई दे रहे हैं।






