Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaस्व-गणना प्रक्रिया आज से शुरू, नागरिक खुद भर सकेंगे जनगणना विवरण

स्व-गणना प्रक्रिया आज से शुरू, नागरिक खुद भर सकेंगे जनगणना विवरण

16 से 30 अप्रैल तक चलेगा ऑनलाइन स्वगणना अभियान, मई में होगा मकान सूचीकरण सत्यापन कार्य
डीसी डॉ. विवेक भारती ने दी जानकारी
फ़तेहाबाद 15 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि हरियाणा राज्य में स्व-गणना प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जा रही है। इस अवधि के दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के पश्चात 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक (गणनाकर्मी) नागरिकों द्वारा भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।

डिजिटल शासन की दिशा में बड़ा कदम : डीसी
डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि स्व-गणना प्रणाली डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से हरियाणा के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक कहीं से भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।यह सुविधा सभी जिलों में उपलब्ध होगी और मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से उपयोग की जा सकेगी। प्रत्येक परिवार को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसका उपयोग सत्यापन के समय किया जाएगा।

स्वगणना की सरल प्रक्रिया
नागरिकों को स्व-गणना के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करना होगा। नागरिक को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाना होगा, उसके बाद मोबाइल नंबर व ओटीपी से लॉगिन/पंजीकरण करे, डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें, परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करें। आवास व सुविधाओं से संबंधित जानकारी भरें। जानकारी की समीक्षा कर फॉर्म सबमिट करें। अपनी एसडी आईडी प्राप्त करें। सत्यापन के समय गणनाकर्मी को एसडी आईडी प्रदान करें

33 प्रश्नों के माध्यम से जुटाई जाएगी जानकारी
स्व-गणना प्रपत्र में लगभग 33 प्रश्न शामिल होंगे, जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान की स्थिति (ग्रामीण/शहरी), पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा व सामाजिक-आर्थिक जानकारी शामिल होगी। मोबाइल नंबर देना अनिवार्य रहेगा।

आधुनिक सुविधाओं को भी किया गया शामिल
डीसी ने बताया कि इस बार जनगणना में आधुनिक जीवनशैली से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है, जैसे, इंटरनेट व स्मार्टफोन की उपलब्धता, टीवी, रेडियो, कंप्यूटर/लैपटॉप, वाहन (साइकिल, मोटरसाइकिल, कार), डिजिटल कनेक्टिविटी शामिल हैं।

गोपनीयता का पूरा भरोसा
डॉ. भारती ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं विकासात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

नागरिकों से सहभागिता की अपील
डीसी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढक़र भाग लें और सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से राज्य में बेहतर योजना निर्माण, सेवा वितरण में सुधार और समग्र विकास को गति मिलेगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments