चंडीगढ़, 12 अप्रैल 2026: भगवंत मान ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 8वीं कक्षा में टॉप करने वाली तीन छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इन छात्राओं को उनके परिवारों सहित मुख्यमंत्री आवास पर विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गुरप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत कर उनके अनुभवों के बारे में जाना और उन्हें आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। यह पहल अपने आप में एक नई शुरुआत मानी जा रही है, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह, शिक्षा विभाग की सचिव सोनाली गिरी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि राज्यभर में अव्वल आने वाले होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है और उनके माता-पिता व शिक्षकों को भी बधाई दी गई है।
इस वर्ष के परिणामों में पहला स्थान एक भट्ठे पर काम करने वाले मुनीम की बेटी ने हासिल किया, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः टाइल्स की दुकान चलाने वाले और एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक की बेटियों ने सफलता पाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परिणाम दर्शाते हैं कि साधारण परिवारों के बच्चे भी अब शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के सपनों को उड़ान देने और उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक स्कूलों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






