देहरादून, 11 अप्रैल 2026: उत्तराखंड में एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आज सुबह रुद्रप्रयाग जिले में 5.02 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके कारण करीब 15 सेकंड तक धरती हिलती रही।
इस दौरान पौड़ी गढ़वाल में भी डेढ़ घंटे के अंदर 3.3 और 3.6 तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए। अचानक आए इन झटकों से घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, आज सुबह 5:13:17 बजे भूकंप दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.02 मापी गई। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से लगभग 10 किलोमीटर पूर्व में स्थित था और इसकी गहराई जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे बताई गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि घरों और इमारतों में कंपन साफ महसूस हुआ, जिससे लोगों में डर फैल गया। वहीं, पौड़ी गढ़वाल में लगातार दो झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी और अधिकतर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






