पटियाला, 7 अप्रैल, 2026 : भाषा विभाग पंजाब द्वारा शहीद करतार सिंह सरभा को समर्पित एक विशेष स्मृति समारोह 23 मई 2026 को उनके पैतृक गांव सराभा में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सेमिनार और कवि दरबार का आयोजन भी किया जाएगा।
बताया गया कि करतार सिंह सराभा मात्र 16 वर्ष की आयु में कैलिफोर्निया की बर्कले यूनिवर्सिटी में रसायन विज्ञान की पढ़ाई के लिए गए थे, लेकिन बाबा सोहन सिंह भकना और लाला हरदयाल के संपर्क में आने के बाद वे देश को आजाद कराने के जुनून से प्रेरित होकर गदर पार्टी के प्रमुख क्रांतिकारी बन गए। वे पंजाबी के सबसे कम उम्र के पत्रकारों में से एक थे, जो अपने अखबार के लिए न केवल लेखन करते थे, बल्कि स्वयं कंपोजिंग, छपाई और वितरण का कार्य भी करते थे।
भाषा विभाग पंजाब के निदेशक जसवंत सिंह जफर ने बताया कि देश की आजादी के लिए मात्र 19 वर्ष की आयु में फांसी पर चढ़ने वाले करतार सिंह सराभा का जन्मदिन 24 मई 2026 को है। इस अवसर पर गांव सराभा में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 23 मई को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विद्यार्थी उनकी कविताओं का गायन करेंगे, जबकि विद्वान गदर आंदोलन से जुड़े साहित्य पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही कवि करतार सिंह सराभा और गदर आंदोलन से संबंधित अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। दोनों दिनों में पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
समारोह में भाग लेने के इच्छुक विद्वान, कवि और विद्यार्थी भाषा विभाग के शोध अधिकारी डॉ. सुखदर्शन सिंह चहल और जिला भाषा अधिकारी डॉ. संदीप शर्मा से संपर्क कर सकते हैं। सभी को 23 मई 2026 को सुबह 10 बजे गांव सराभा पहुंचने का आमंत्रण दिया गया है।






