अंबिकापुर, 6 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा रविवार शाम NH-130 पर भिट्टीकला गांव के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं सब्जी मंडी से वापस लौट रही थीं, तभी सामने से आ रही एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक मासूम बच्ची अपनी मां का शव सड़क पर देख बिलखती रही, जिसने पूरे माहौल को और भी भावुक बना दिया।
यह घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। घायल महिला आयुषी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान रामबाई (50), मुन्नी बाई (40) और श्यामपति (35) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो (नंबर CG 15 EH 8874) अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही थी, तभी भिट्टीकला गांव में पहले तीन महिलाओं को कुचल दिया और फिर एक अन्य महिला को भी टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन एक ट्रेलर से जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने भाग रहे स्कॉर्पियो चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जो लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।






