वायदे पूरे करने वाली सरकार के चार साल बेमिसाल: चेतन सिंह जौड़ामाजरा
समाना, 31 मार्च 2026: पंजाब सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर “भगवंत सिंह मान के साथ” संवाद कार्यक्रम के तहत हल्का समाना के गाँव नस्सूपुर में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक श्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा द्वारा विकास कार्यों के लिए कुल 15 लाख रुपये के फंड जारी किए गए।
समारोह के दौरान 28 लाल लकीर के दायरे में आने वाले घरों में रहने वाले परिवारों को सैंक्शन लेटर (मंजूरी पत्र) वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायत को 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया गया। गाँव में पाइपलाइन बिछाने, खेल के मैदान के निर्माण और सोलर लाइटें लगाने के लिए भी अलग से फंड जारी किए गए।
इस अवसर पर विधायक श्री जौड़ामाजरा ने कहा कि पंजाब के लोग मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के चार साल के कार्यकाल से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए सरकार ने हर क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, सड़कों की मरम्मत और खेल के मैदानों के विकास जैसी जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पंजाब को प्रगति की राह पर लाया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय निवासियों ने सरकार के कामकाज की सराहना की।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य गुरदेव सिंह टिवाणा, मनजीत कौर, तहसीलदार नवजोत तिवारी, सरपंच महल सिंह, सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी गुरतेज सिंह, जेई शैली बंसल, दीपक वधवा, पंचायत सदस्य एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।