राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने किया नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण
जाखल, 27 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को गाँव सिधानी के बूथ नंबर एक पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को सामूहिक रूप से सुना। उन्होंने पार्टी के सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं, गाँव के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना। सांसद बराला ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सामाजिक एकजुटता के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संदेशों को आत्म जीवन में उतारने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा प्रधानमंत्री ने देशवासियों को जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, नवाचार एवं सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि ये विचार हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज के सभी वर्गों में जागरूकता व जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब आमजन इन संदेशों को अपने जीवन में अपनाते हैं, तो विकास की गति और अधिक तेज होती है तथा उसका लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने कि सामूहिक प्रयासों से ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता जैसे मूल मंत्र न केवल व्यक्ति को सशक्त बनाते हैं, बल्कि देश को भी मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
बराला ने कहा कि स्वच्छता, नवाचार और सामाजिक उत्थान जैसे विषय केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें व्यवहार में उतारना आवश्यक है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि ‘मन की बात’ एक ऐसा सशक्त माध्यम बन चुका है, जो देश के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। देश की सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, जिससे नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रह सके। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ से प्राप्त संदेशों को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहार और कार्यशैली में आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन प्रेरणादायी विचारों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि आत्मनिर्भर, सशक्त और समरस भारत के संकल्प को मजबूती मिल सके। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे, तो यह न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाएगा, बल्कि भावनात्मक रूप से भी समाज को जोड़ने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष किरण शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष विक्की कामरा, चैयरमेन जगजीत नड़ेल, सोनू सरपंच, संजू सिधानी, अरुण गुप्ता, अमरीक सिंह, सतीश, आशु बांसल, गुरजेंट सिधानी, बिक्रम सिधानी सही बड़ी संख्या मे कार्यकर्ता मौजूद रहे।






