Sunday, June 7, 2026
HomeHaryanaजिले में गैस व ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, कमी की कोई...

जिले में गैस व ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, कमी की कोई स्थिति नहीं : डीसी


जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, अफवाहों से बचने की अपील
एलपीजी शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु हेल्पलाइन व नोडल अधिकारी किए नियुक्त

फ़तेहाबाद, 27 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों सहित पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, इसलिए नागरिकों को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
डीसी शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिला में उपलब्ध ईंधन स्टॉक की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए और किसी भी स्तर पर बाधा न आने दी जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें।
उन्होंने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर गैस एजेंसियों पर निगरानी रख रही हैं। प्रतिदिन एजेंसियों से रिपोर्ट ली जा रही है, जिससे आपूर्ति की स्थिति पर सतत नजर बनी हुई है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।
डीसी ने कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और विवाह जैसे आयोजनों के लिए व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके लिए संबंधित कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है।जमाखोरी करने वालो पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय द्वारा एलपीजी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 01667-230773 जारी किया गया है, जिस पर कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
एसपी सिद्धांत जैन ने भी कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक 112 पर संपर्क कर सकते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर नजर रखी जा रही है, अफवाह फैलाने वालो पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएफएससी कुशल बूरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो : संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिला में उपलब्ध ईंधन स्टॉक की समीक्षा करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments