प्रधानमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
फतेहाबाद, 26 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : भूना क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए सरकार द्वारा 30 करोड़ रुपये की परियोजना की घोषणा की गई, लेकिन अभी तक उस पर काम नहीं हुआ। बीते समय में भूना में आई बाढ़ से सैंंकड़ों परिवार प्रभावित हुए। पूरे जिले में बाढ़ प्रभावित भूना क्षेत्र चर्चा में रहा, लेकिन फिर भी प्रशासन की नींद से नहीं जागा।
इसी संदर्भ में भूना के बाढ़ पीडि़तों ने एकजुट होकर दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करने का संयुक्त फैसला लिया है। इसको लेकर दिल्ली एससीपी को पत्र लिखकर धरने की अनुमति भी मांगी गई है। धरने में शामिल होने वाले भूना के बाढ़ पीडि़त उमा शंकर ने बताया कि आगामी 5 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक धरना प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है।
भूना के सभी बाढ़ प्रभावित लोग 5 अप्रैल को दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेंगे तथा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपेंगे। बाढ़ पीडि़त उमा शंकर ने बताया कि बीते समय भूना में जो बाढ़ आई थी, उसमें अनेक परिवार उजड़ गए। गरीब परिवारों के घर मकान तक टूट गए। लाखों का नुक्सान हुआ।
दोबारा यह नौबत ना आए इसके लिए सरकार जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पर काम करे। उन्होंने कहा कि इस धरना प्रदर्शन के लिए 20 लोगों की अनुमति मिली है, जबकि सैंकड़ों लोग यहां से दिल्ली जाने के लिए तैयार बैठें हैं, क्योंकि भूना के अनेक लोगों में सरकार व प्रशासन के ढुल मुल रवैये के प्रति नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस धरना प्रदर्शन के बाद भी 15 दिन को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि सरकार व प्रशासन हमें लिखित में दो महीने के अंदर काम पूरा करने का विश्वास दिलाती है तो हम उक्त धरना स्थगित कर देंगे।






