लागार्डिया एयरपोर्ट (न्यूयॉर्क), 23 मार्च 2026: न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां Air Canada Express के CRJ-900 विमान की रनवे पर एक फायर इंजन से टक्कर हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं, जबकि फायर इंजन पर सवार पांच इमरजेंसी कर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 100 यात्रियों को लेकर जा रहा यह विमान टैक्सीवे से गुजर रहा था, तभी रनवे के पास फायर इंजन से इसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फायर ब्रिगेड व रेस्क्यू टीमों को बुलाया गया।
हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें रनवे के पास सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में विमान को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों को John F. Kennedy International Airport की ओर डायवर्ट कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने हादसे से पहले विमान और ग्राउंड व्हीकल दोनों को रुकने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद टक्कर हो गई। मामले की जांच Federal Aviation Administration (FAA) द्वारा शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर इस हादसे के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें विमान को क्षतिग्रस्त हालत में देखा जा सकता है। फिलहाल स्थिति पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं और एयरपोर्ट को अगले आदेश तक बंद रखा गया है।






