पटियाला, 23 मार्च 2026: अरविंद केजरीवाल से आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पी.आर.टी.सी. के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के लिए आभार जताया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की तरक्की के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
चेयरमैन जुनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का लोगों को बड़े स्तर पर लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी की जनहितैषी नीतियों के आधार पर 2027 में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर जुनेजा ने पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की और पी.आर.टी.सी. की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पी.आर.टी.सी. की आय में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 57 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुल 659 नई बसें पी.आर.टी.सी. के बेड़े में शामिल की जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में नए कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
टिकट कलेक्शन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 2200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन और ऑनलाइन टिकटिंग मशीनें खरीदने की योजना है।
मुफ्त यात्रा योजना के तहत अब तक 34.53 करोड़ महिलाओं को लाभ मिल चुका है। साथ ही, पी.आर.टी.सी. मुख्यालय और सभी डिपो में सोलर प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे सालाना लगभग 97 लाख रुपये की बचत होगी।
आय बढ़ाने के लिए तीन स्थानों पर रिटेल पेट्रोलियम आउटलेट स्थापित किए जा रहे हैं। बठिंडा डिपो के तहत दोला में नया सब-डिपो तैयार किया जा रहा है।
भविष्य में पीपीपी मोड और एनजीओ के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टैंड भी बनाए जाएंगे।
इस दौरान केजरीवाल ने जुनेजा की ईमानदारी और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।






