बठिंडा, 21 मार्च 2026: पंजाब को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और बठिंडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से दो अवैध .32 बोर देसी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जैकी कुमार उर्फ जैकी और विकास अरोड़ा के रूप में हुई है। विकास अरोड़ा के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी बठिंडा में एक कारोबारी को लूटने की योजना बना रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियार दिल्ली से लाए गए थे और मामले में आगे की कड़ियों की जांच जारी है।
डीआईजी एजीटीएफ गुरमीत चौहान के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पंचवटी इलाके के पास पकड़ लिया गया। पुलिस ने जीटी रोड और संतपुरा रोड के पास नाका लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया।
इस संबंध में थाना कोतवाली बठिंडा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।






