- रणजोध हडाणा और मेयर द्वारा 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास
- मान सरकार उद्योगपतियों और व्यापारियों को बेहतर बुनियादी ढांचा देने के लिए प्रतिबद्ध – हडाणा, मेयर
पटियाला, 28 फरवरी, 2026: मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत आज पटियाला के फोकल प्वाइंट में विकास कार्यों की बड़ी शुरुआत की गई। हलका इंचार्ज सरदार रणजोध सिंह हडाणा और मेयर कुंदन गोगिया ने संयुक्त रूप से फोकल प्वाइंट की जर्जर सड़कों को नए सिरे से बनाने के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर प्रदीप जोसन (प्रधान, नगर काउंसिल सनौर), हरप्रीत सिंह घुमाण (ब्लॉक प्रधान), गुरप्रीत सिंह (सरपंच एवं ब्लॉक प्रधान), अशोक सिंगला (चेयरमैन), अरुण गुप्ता (वाइस चेयरमैन), लाली (वाइस चेयरमैन), कमल (जनरल सेक्रेटरी), राहुल तहिल (जॉइंट सेक्रेटरी), अश्वनी कुमार (प्रधान), कपिल गुप्ता (वाइस प्रधान), ‘आम आदमी पार्टी’ के वरिष्ठ नेता, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
शिलान्यास के उपरांत उद्योगपतियों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए रणजोध सिंह हडाणा और मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि फोकल प्वाइंट की सड़कें लंबे समय से टूटी हुई थीं, जिससे यहां कार्यरत व्यापारियों और मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उन्हें बेहतर सड़क संपर्क तथा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि मान सरकार द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष नीतियां बनाई गई हैं। पटियाला फोकल प्वाइंट में ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये सड़कें न केवल यातायात को सुगम बनाएंगी, बल्कि यहां नए निवेश और रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और काम निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम और सरकार मिलकर पटियाला शहर के हर क्षेत्र को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। फोकल प्वाइंट के व्यापारियों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया है और आने वाले दिनों में यहां स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान फोकल प्वाइंट के व्यापारिक नेताओं ने रणजोध हडाणा और मेयर कुंदन गोगिया का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि जो कार्य पिछली सरकारें कई वर्षों में नहीं कर सकीं, उसे मान सरकार ने कम समय में पूरा कर दिखाया है।
फोटो कैप्शन: सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए परियोजना का शिलान्यास करते हुए रणजोध हडाणा, मेयर कुंदन गोगिया और व्यापारिक समुदाय के सदस्य।






