एकतरफा प्यार में सनसनीखेज वारदात
बक्सर (बिहार), 28 फरवरी: बिहार के बक्सर जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। शादी समारोह के दौरान, जब दूल्हा-दुल्हन जयमाला की रस्म निभाने वाले थे, तभी एक युवक ने स्टेज पर पहुंचकर दुल्हन को गोली मार दी, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरमनपुर से आई थी। रात करीब 10:30 बजे जयमाला की रस्म चल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाला दीनबंधु नामक युवक भीड़ में से निकलकर स्टेज के पास पहुंचा और दुल्हन आरती कुमारी के पेट में, नाभि के पास गोली मार दी। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी को दुल्हन का कथित प्रेमी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शादी से नाराज होकर उसने एकतरफा प्यार के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दुल्हन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, मेहमानों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हमलावर की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, शादी वाले घर में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।






