जालंधर, 24 फरवरी 2026: पंजाब के जालंधर के सुंदर नगर इलाके में एक ही क्वार्टर में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियां सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। लापता लड़कियों में 12 और 13 साल की दो सगी बहनें तथा उनकी 16 वर्षीय सहेली शामिल हैं। दोनों बहनें चौथी और पांचवीं कक्षा की छात्राएं बताई जा रही हैं।
घटना का पता उस समय चला जब परिवार के सदस्य काम से लौटे और बच्चियां घर पर नहीं मिलीं। परिजनों ने आसपास उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। सूचना मिलने पर डिवीजन नंबर 8 थाना पुलिस और एसीपी नॉर्थ अशोक मीना मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि वे सुबह सामान्य दिनों की तरह काम पर गए थे, लेकिन शाम करीब 5:30 बजे घर लौटने पर लड़कियां गायब थीं।
घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीनों लड़कियां दोपहर करीब 1:30 बजे घर से बाहर निकलती दिखाई दीं। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।






