मोहाली, 23 फरवरी, 2026: मोहाली के थाना फेज-11 क्षेत्र में महाशिवरात्रि की रात हुए गुरसेवक सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सहित चार बदमाशों को उत्तर प्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी मोना, सौरव, केशव और सरवन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये चारों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले कि वे सीमा पार कर पाते, मोहाली पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। एसएसपी मोहाली द्वारा गठित विशेष टीम ने हरमनदीप हर्ष के निर्देशों पर फिल्मी अंदाज में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अब इन चारों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना 14-15 फरवरी की दरम्यानी रात की है, जब गुरसेवक सिंह मंदिर में माथा टेकने गए थे। मंदिर के बाहर 15-20 युवक मोटरसाइकिलों की रेसिंग कर रहे थे। जब गुरसेवक ने उन्हें शोर मचाने और रेसिंग करने से टोका, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने किरच (तेजधार हथियार) से गुरसेवक की छाती पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरसेवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
अब तक 16 गिरफ्तारियां
पुलिस इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। ताजा 4 गिरफ्तारियों के साथ अब तक कुल 16 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। फरार चल रहे ये चार आरोपी यूपी में छिपे हुए थे और वहां से विदेश भागने की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।






