ट्रेसी, 22 फरवरी 2026: अमेरिका के ट्रेसी शहर के एक गुरुद्वारे से किडनैप किए गए सिख व्यक्ति का आज शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के लुधियाना से संबंध रखते थे और कई वर्षों से कैलिफोर्निया में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार ने San Joaquin County Sheriff’s Office में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली। फुटेज में एक सफेद एसयूवी और काले कपड़ों में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को अवतार सिंह को जबरदस्ती उठाकर ले जाते हुए देखा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी को रात 8:52 बजे एक व्यक्ति के लापता होने की रिपोर्ट मिलने के बाद टीम ने W. Grant Line Road के 16000 ब्लॉक पर जांच शुरू की। पुलिस ने अवतार सिंह और संदिग्ध एसयूवी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कर लोगों से जानकारी देने की अपील की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब आरोपियों की पहचान की जा रही है।






