पटियाला, 20 फरवरी 2026: खुद को CBI और केंद्रीय गृह मंत्रालय का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक ठग गिरोह का पटियाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सदर पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों और एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार समाना निवासी गुरसेवक सिंह, उसकी पत्नी अमनजोत कौर और गुरभेज सिंह को होशियारपुर से काबू किया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुरसेवक सिंह खुद को कभी एंटी नारकोटिक्स सेल का चेयरमैन तो कभी CBI का अधिकारी बताकर लोगों में रौब जमाता था।
आरोप है कि आरोपियों ने एक परिवार के दो युवकों को केंद्रीय मंत्रालयों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 65 लाख रुपये की ठगी की। जब नियुक्ति पत्रों की जांच करवाई गई तो वे नकली पाए गए, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पटियाला पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी गाड़ियों पर CBI और अन्य सरकारी विभागों की फर्जी प्लेटें लगाकर लोगों को भ्रमित करता था। इतना ही नहीं, उसने अपने आपको बड़ा अधिकारी साबित करने के लिए एक नकली दफ्तर जैसा सेटअप भी तैयार कर रखा था, जिसकी तस्वीरें दिखाकर वह लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है और पूछताछ के दौरान इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






