विदेशों से भेजे गए ईमेल से मचा हड़कंप
मोहाली, 17 फरवरी 2026: पंजाब के मोहाली में आज उस समय हड़कंप मच गया जब एक निजी अस्पताल और कुछ निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और संबंधित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
एसपी सिटी मोहाली दिलप्रीत सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ये धमकी भरे ईमेल अमेरिका, बांग्लादेश और अन्य देशों से भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्राप्त ईमेल कथित रूप से ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी फोर्स’ के नाम से भेजा गया है, जिसका उद्देश्य पंजाब में शांति व्यवस्था को भंग करना है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा संबंधित निजी अस्पताल की पूरी तरह तलाशी ली जा चुकी है, लेकिन वहां से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। वहीं, धमकी मिलने वाले निजी स्कूलों में भी पुलिस द्वारा तलाशी अभियान जारी है।
एसपी सिटी ने यह भी खुलासा किया कि धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री का नाम भी उल्लेखित किया गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती बताया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।






