ढाका (बांग्लादेश) 15 फरवरी 2026: बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलने जा रहा है। 12 फरवरी को हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की शानदार जीत के बाद पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत सहित कुल 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
इस बार शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में खास रहने वाला है। आमतौर पर यह आयोजन राष्ट्रपति भवन (बंगाभवन) में होता है, लेकिन इस बार मेहमानों की बड़ी संख्या को देखते हुए समारोह राष्ट्रीय संसद परिसर के दक्षिणी प्लाज़ा में आयोजित किया जाएगा।
संवैधानिक जटिलताओं के चलते इस बार मुख्य चुनाव आयुक्त ए.एम.एम. नासिरुद्दीन नए सांसदों को शपथ दिला सकते हैं। दरअसल, पूर्व स्पीकर के इस्तीफे और डिप्टी स्पीकर के जेल में होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस द्वारा भेजे गए निमंत्रण में भारत, पाकिस्तान, चीन, सऊदी अरब, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रूनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान जैसे देशों को आमंत्रित किया गया है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को फोन कर चुनावी जीत की बधाई दी है, लेकिन वह स्वयं इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे।






