पूर्णिया, 14 फरवरी 2026: बिहार के पूर्णिया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा देर रात सरसी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर नहर के पास हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि टोटो में कुल छह लोग सवार थे।
मृतकों की पहचान धमदाहा थाना क्षेत्र के कुमारी गांव निवासी 45 वर्षीय जागो ऋषि, उनके 18 वर्षीय पुत्र किशन कुमार और 40 वर्षीय कंचन देवी के रूप में हुई है। हादसे में टोटो चालक सहित तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को जागो ऋषि की बेटी की शादी होनी थी। टोटो में सवार सभी लोग तिलक की रस्म पूरी कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरसी और धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, पूर्णिया भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टोटो को जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी चालक की पहचान के लिए जांच जारी है।






