फ़तेहाबाद, 13 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा-खेड़ी में फुटबॉल फॉर स्कूल्स के अंतर्गत फुटबॉल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित 25 स्कूलों के प्रतिनिधियों को अतिथियों के कर-कमलों द्वारा फुटबॉल वितरित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात नेशनल फुटबॉल प्लेयर जीवेश सेवड़ा ने अपने जीवन के अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से ही फुटबॉल खेलना शुरू किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्यार्थी जीवन किसी भी खिलाड़ी के लिए अपनी नींव मजबूत करने का सबसे सुनहरा समय होता है। यहीं वह उम्र है जब आप अपनी प्रतिभा को निखार कर दुनिया के सामने ला सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य अनूप सिंह ने फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं खिलाडियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना का पाठ है। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए प्रेरित किया कि वे इस खेल में पूर्ण समर्पण के साथ भाग लें और अपने माता-पिता, गुरुजनों, स्कूल और पूरे फतेहाबाद जिले का नाम रोशन करें। इस मौके पर उपप्राचार्य अखिलेश अग्रवाल, सहायक शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह, खेल शिक्षक राजेश कुमार सिवाच आदि मौजूद रहे।
फोटो: फतेहाबाद। पीएम श्री जेएनवी खारा खेड़ी में फुटबॉल फॉर स्कूल्स के तहत खिलाडिय़ों को फुटबॉल वितरित करते हुए अतिथिगण।






