Sunday, June 7, 2026
HomePatiala स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने युवाओं और पूर्व सैनिकों को नशों...

 स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने युवाओं और पूर्व सैनिकों को नशों के विरुद्ध युद्ध लड़ने का दिया आह्वान

पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल-2026

चौथा पटियाला मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल खालसा कॉलेज में युवाओं और पटियालावासियों के आकर्षण का केंद्र बना

सैन्य टैंकों, तोपों, युद्धक हथियारों की प्रदर्शनी, सैन्य इतिहास की डॉक्यूमेंट्री फिल्में, घुड़सवारी के करतब और तीरंदाजी ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

पटियाला, 12 फरवरी, 2026: पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल 2026 के तहत खालसा कॉलेज में जिला प्रशासन द्वारा लगातार चौथी बार सफलतापूर्वक आयोजित पटियाला मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल ने सैन्य शान-ओ-शौकत के साथ पटियालावासियों, विशेषकर युवाओं को सैन्य इतिहास से परिचित कराया। इस अवसर पर सैन्य टैंकों, तोपों, युद्धक हथियारों की प्रदर्शनी, सैन्य इतिहास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों, घोड़ों के करतब और तीरंदाजी ने दर्शकों को आकर्षित किया।

सैन्य साहित्य मेले का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने युवाओं और पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम में शामिल होकर नशों के खिलाफ लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि युद्ध के हीरो और वीर नारियां नशों के खिलाफ भी हमारे हीरो बनें।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर युवाओं और विद्यार्थियों को सेना और सैन्य इतिहास के गौरव से अवगत कराने के लिए ऐसे मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पटियाला जिला प्रशासन और मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल एसोसिएशन को बधाई दी।

जिले के विभिन्न सैन्य अभियानों में शहीद हुए सैनिकों की पांच वीर नारियों (माताओं और पत्नियों) को सम्मानित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि एक युद्ध सीमाओं पर लड़ा जाता है और दूसरा युद्ध सैनिकों के परिवार लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और शहीदों के परिजनों के लिए सम्मान राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है।

भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ लड़ी गई विभिन्न लड़ाइयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सीमाओं की रक्षा के लिए सबसे अधिक बलिदान पंजाबियों ने दिए हैं। मिलिट्री लिटरेचर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर कुछ देश सैन्य शक्ति के बल पर अपना दबदबा बनाकर मनमानी कर रहे हैं, इसलिए बच्चों और युवाओं को विश्व में हो रही घटनाओं के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सैन्य शक्ति को मजबूत करना जरूरी है, लेकिन स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इससे भी बढ़कर देश के 144 करोड़ लोगों का एकजुट होना आवश्यक है, ताकि कोई भी हमारा ध्यान भटकाकर आपसी फूट न डाल सके।

डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया की अगुवाई में आयोजित इस सैन्य साहित्य मेले की सफलता पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिला प्रशासन, मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल एसोसिएशन और भारतीय सेना को बधाई दी। मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल चेतिंदर सिंह ने सभी का धन्यवाद करते हुए इसे सराहनीय प्रयास बताया।

इस अवसर पर आर्मर्ड डिवीजन के ब्रिगेडियर ए.के. उनियाल भी उपस्थित थे। ब्रिगेडियर अद्वितीय मदान ने कहा कि पंजाब सदियों से देश की ढाल रहा है और हमें अपनी इस गौरवशाली विरासत पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की बेहतरीन सेनाओं में से एक है और कई देशों की सेनाएं भारतीय सेना से प्रशिक्षण लेती हैं।

मेले के नोडल अधिकारी एडीसी शहरी विकास डॉ. इस्मत विजय सिंह और आरटीओ बबनदीप सिंह ने बताया कि समापन अवसर पर पीपीएस नाभा स्कूल के विद्यार्थियों ने घुड़सवारी के साहसिक करतब दिखाए। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए सैन्य इतिहास, जोश और बहादुरी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई गईं। इनमें ‘मैन ऑफ ऑनर’, ‘इंडियन नेवी’, ‘बाज’, ‘निश्चय कर अपनी जीत करो’, ‘इंडियन नेवी कॉन्करिंग सीज’, ‘जांबाज हम चले’, ‘सियाचिन स्पेशल और ऑपरेशन मेघदूत’, ‘कारगिल’ और ‘इंडियन आर्मी इनविजिबल बट इफेक्टिव’ शामिल थीं।

डॉ. इस्मत ने बताया कि ब्रेव-हार्ट मोटरसाइकिल रैली, भारतीय सेना के इतिहास और जोश को दर्शाती फिल्में, बैंड डिस्प्ले, सैन्य टैंक और हथियारों की प्रदर्शनी, पंजाबी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा भांगड़ा, सरकारी कॉलेज की छात्राओं द्वारा गिद्धा, तीरंदाजी, पुलिस और सेना भर्ती संबंधी काउंसलिंग तथा फूड कोर्ट भी स्थापित किए गए थे। बड़ी संख्या में पटियालावासियों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों ने मेले का आनंद लिया।

इस अवसर पर एनसीसी, आर्मी यूनिट, शिक्षकगण, स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी, सेना के वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी तथा पटियाला के नागरिक उपस्थित थे।

फोटो कैप्शन: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह पटियाला के खालसा कॉलेज में आयोजित मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में भाग लेते हुए। उनके साथ लेफ्टिनेंट जनरल टी.एस. शेरगिल, ब्रिगेडियर अद्वितीय मदान, ब्रिगेडियर ए.के. उनियाल और एडीसी डॉ. इस्मत विजय सिंह भी दिखाई दे रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments