सरी (ब्रिटिश कोलंबिया),03 फरवरी 2026: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरी शहर में एक घर पर गोलियां चलाने के आरोप में पुलिस ने तीन पंजाबी युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर जबरन वसूली और रिहायशी मकान पर फायरिंग करने के गंभीर आरोप लगे हैं। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान हरजोत सिंह (21 वर्ष), तरनवीर सिंह (19 वर्ष) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
सरी पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 4 बजे क्रेसेंट बीच इलाके में क्रेसेंट रोड और 132 स्ट्रीट के पास स्थित एक घर पर फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने घर की बाड़ के पास लगी आग को बुझाया। पुलिस ने बताया कि गोलियां घर के अंदर तक लगी थीं, हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने घर के पास एक संदिग्ध वाहन की पहचान की, लेकिन उसमें सवार संदिग्ध मौके से पैदल फरार हो गए। बाद में पुलिस ने तीनों संदिग्धों को 28 एवेन्यू और 140 स्ट्रीट के पास एक राइडशेयर वाहन में सवार होने के दौरान पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को उसी राइडशेयर वाहन के अंदर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से किसी भी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस जबरन वसूली के एंगल से भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।






