जालंधर, 30 जनवरी 2026 : लोकप्रिय लोक गायक हंसराज हंस ने राजनीति छोड़ने का ऐलान किया है। इसका खुलासा एक वायरल वीडियो के जरिए हुआ है, जिसमें वह साफ तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि वह पहले ही राजनीति से किनारा कर चुके हैं और अब पूरी तरह से अपने संगीत करियर पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
वीडियो में हंसराज हंस मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवालों का भी जवाब देते हैं। इस पर उन्होंने कहा,
“बादशाह नूं बादशाह दी मर्ज़ी नाल ही मिल्या जा सकता है,”
अर्थात किसी राजा से मुलाकात उसकी इच्छा से ही हो सकती है।
हंसराज हंस के इस बयान के बाद उनके राजनीति से पूरी तरह अलग होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि हंसराज हंस ने राजनीति में सक्रिय रहते हुए भी संगीत से अपना नाता बनाए रखा था, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि आगे वह केवल संगीत की दुनिया में ही सक्रिय रहेंगे।
उनके इस फैसले को लेकर समर्थकों और संगीत प्रेमियों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।






