ग्लासगो/लंदन, 27 जनवरी 2026: पंजाबी सिनेमा लंबे समय से एकरस विषयों और हल्की-फुल्की कॉमेडी के चलते दर्शकों को निराश करता आ रहा था। ऐसे माहौल में साल 2026 की पहली पंजाबी फिल्म ‘बेबे मैं बदमाश बनूंगा’ ने अपने ट्रेलर के जरिए उम्मीद की एक नई किरण जगाई है। फरवरी के पहले हफ्ते रिलीज़ होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच खास चर्चा का विषय बन गया है।
ट्रेलर में निर्देशक सुखमिंदर धंजल की मेहनत साफ झलकती है। दमदार संवाद, सधे हुए दृश्य और प्रभावशाली प्रस्तुति दर्शकों को फिल्म देखने के लिए आकर्षित करती है। खासतौर पर ‘भोले’ के किरदार से पहचान बना चुके अभिनेता जगजीत संधू का बदमाश अवतार दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। उनके संवादों की गंभीरता और प्रभाव निर्देशक की कुशल निर्देशन शैली को दर्शाती है।
फिल्म की कहानी भी सुखमिंदर धंजल ने ही लिखी है, जबकि इसके निर्माता रूपाली और जगजीत संधू हैं। मुख्य भूमिका में जगजीत संधू के साथ अभिनेत्री अवीरा सिंह मसौण नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में वरिष्ठ कलाकार आशीष दुग्गल, संजय सोलंकी, परमवीर सिंह, सतवंत कौर, राहुल जंगराल, इकत्तर सिंह, जस्सी लोंगोवालिया, गुरी तूर और बेअंत सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘पंज दरिया यूके’ से बातचीत में निर्देशक सुखमिंदर धंजल ने कहा कि उनकी कोशिश दर्शकों को हल्की और बेकार कॉमेडी से अलग, सार्थक और मजबूत सिनेमा देना है, ताकि दर्शक फिल्म देखकर ठगा हुआ महसूस न करें। उनका मानना है कि ईमानदार मेहनत का फल जरूर मिलता है।
फिल्म ‘बेबे मैं बदमाश बनूंगा’ का ट्रेलर यह संकेत देता है कि निर्देशक इस बार कुछ नया और अलग पेश करने जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि साल की यह पहली पंजाबी फिल्म दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरेगी और पंजाबी सिनेमा के अच्छे दिनों की वापसी करेगी।






