जालंधर, 24 जनवरी 2026: जालंधर के बस स्टैंड के बाहर एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक पीआरटीसी बस चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार में कोई भी मौजूद नहीं था और वह बस स्टैंड के बाहर खड़ी हुई थी। कार मालिक ने बताया कि बस चालक ने बस मोड़ते समय ब्रेक नहीं लगाया, जिसके कारण बस सीधे उसकी खड़ी कार से जा टकराई। टक्कर से कार के अगले और पिछले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा एक खंभे से टकराता है, जबकि बस की टक्कर से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक व कार मालिक को थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






