तरनतारन, 3 जनवरी 2026: पंजाब के तरनतारन जिले से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती अपनी सहेली के साथ घर से फरार हो गई। फरार युवती की कुछ ही दिनों में शादी तय थी, लेकिन जब इस बारे में होने वाले दूल्हे को जानकारी मिली तो उसने रिश्ता तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां एक ही स्कूल में पढ़ती थीं। परिवार का कहना है कि वे उन्हें सामान्य सहेलियां समझते रहे, लेकिन बाद में पता चला कि उनके बीच दोस्ती से आगे का रिश्ता था। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि दूसरी युवती ने पहले भी धमकी दी थी कि उनकी बेटी उसकी गर्लफ्रेंड है और वह खुद को लड़का बताकर उससे शादी करेगी, लेकिन उस समय परिवार ने इसे मजाक समझ लिया।
परिजनों ने बताया कि शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। कर्ज लेकर दहेज का सामान खरीदा गया था और शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे। अब अचानक इस घटना के बाद परिवार को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है। युवती के घर से 30 हजार रुपये ले जाने की भी बात सामने आई है।
परिवार ने बताया कि दोनों युवतियां पड़ोस में रहती थीं, साथ पढ़ती थीं और रोजाना एक साथ स्कूल आती-जाती थीं। 24 दिसंबर को युवती खाना खाकर सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
युवती की मां ने भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी घर लौट आती है तो उसे माफ कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने दूसरी युवती के परिवार से भी पूछताछ की मांग की है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
मामले पर तरनतारन के डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग हैं। हालांकि, कानूनी पहलुओं पर सलाह ली जा रही है। जांच एक महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है और पुलिस कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।






