मोहाली: मोहाली में हत्या किए गए कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया के पिता कंवर राजीव सिंह ने अपने बेटे की हत्या को लेकर गहरा दुख और पीड़ा जाहिर की है। उन्होंने बताया कि हत्या वाले दिन राणा सबसे मिला था। उसे बाहर का खाना पसंद नहीं था, इसके बावजूद वह सभी को अपने साथ नवांशहर ले गया और खिलाया।
कंवर राजीव सिंह ने कहा कि मोहाली जाते समय राणा मुझसे, मेरी मां, बहन और पत्नी से मिला था, लेकिन वह फिर कभी वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि राणा की शादी हुए अभी सिर्फ 10 दिन ही हुए थे और शादी की मिठाइयां आज भी घर में रखी हैं। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा बहुत कम उम्र में ही मुझसे जुदा हो गया।”
राणा के पिता ने बंबीहा गैंग के गैंगस्टर डोनी बल द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि राणा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया के लिए काम करता था। उन्होंने कहा कि यह सब उनके बेटे को बदनाम करने और अपनी साख बढ़ाने की साजिश है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके बेटे की हत्या को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जोड़ना भी गैंगस्टरों की एक सोची-समझी चाल है, ताकि उन्हें प्रचार मिल सके। कंवर राजीव सिंह ने कहा, “हमें जो नुकसान झेलना था, वह हो चुका है, लेकिन हम नहीं चाहते कि किसी और परिवार को ऐसा दर्द सहना पड़े।”
फिलहाल, परिवार इंसाफ की मांग कर रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जता रहा है।






