कुवैत: कुवैत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में 3 पंजाबियों सहित कुल 7 युवकों की मौत हो गई। मृतकों में पंजाब के जिला गुरदासपुर के कस्बा दोरांगला निवासी युवक जगदीप सिंह भी शामिल है। जगदीप की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
मृतक जगदीप के भाई ने बताया कि जगदीप करीब डेढ़ साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश गया था। उसके दोस्तों के अनुसार, 9 दिसंबर को सात युवक कुवैत में अपने काम पर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह भयावह सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद मृतकों की पहचान में कई दिन लग गए।
जानकारी के मुताबिक, मृत सात युवकों में से दो की पहचान पाकिस्तानी नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि तीन युवक पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनमें जगदीप सिंह भी शामिल है। शेष दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
परिवार का कहना है कि इस हादसे से उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जगदीप अपने पीछे पत्नी और एक छोटा बच्चा छोड़ गया है। परिजनों ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार से मांग की है कि जगदीप सिंह का पार्थिव शरीर भारत लाने में हर संभव सहायता प्रदान की जाए।






