लुधियाना 14 दिसंबर 2025 : लुधियाना के मॉडल विलेज स्थित गांधी नगर इलाके में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 11 वर्षीय बच्चे पर एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बच्चा दही लेने के लिए घर से निकला था, तभी रास्ते में कुत्ते ने उस पर झपट्टा मार दिया।
हमले के दौरान बच्चा जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद कुत्ते ने उसके चेहरे पर पंजों से वार किया और उसे काट लिया। कुत्ते के दांत बच्चे के सिर और जबड़े में गहरे धंस गए। घायल बच्चे की पहचान सानिध्य के रूप में हुई है।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता पागल अवस्था में था और उसने इलाके में कई लोगों को काटा है।
घटना के बाद सानिध्य को पहले सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए।
सानिध्य के पिता देसराज ने बताया कि उनका बेटा सुबह दही खरीदने के लिए गली से गुजर रहा था, तभी अचानक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते से बचने की कोशिश में बच्चा गिर गया और करीब एक मिनट तक कुत्ते ने उसका पीछा कर हमला किया। लोगों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया, उस समय उसका चेहरा खून से लथपथ था।






