उन्नाव (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक और ऑटो-रिक्शा की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय निवासियों की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुर्घटना में ऑटो-रिक्शा के उड़े परखच्चे
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ऑटो-रिक्शा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। यह हादसा अजगैन थाना क्षेत्र के तहत आने वाले मकूर गांव के इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुआ।
पुलिस ने बताया कि मकूर गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक ट्रक और एक ऑटो की टक्कर हो गई। ऑटो-रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद, पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य करते हुए शवों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो तेज रफ्तार से आ रहा था। ट्रक से टकराने के बाद वह चकनाचूर हो गया, जिससे इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। कई अन्य घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






