नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि शिवराज सिंह चौहान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निशाने पर हैं। बताया गया है कि आईएसआई उनके संबंध में जानकारियां जुटा रही थी, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर यह अहम फैसला लिया गया।
गृह मंत्रालय को मिले इनपुट के आधार पर देर रात भोपाल और दिल्ली, दोनों जगहों पर शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। भोपाल में स्थित 74 बंगला क्षेत्र के बी-8 आवास के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही दिल्ली में स्थित उनकी सरकारी रिहायश पर भी सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद उठाए गए इन कदमों को एहतियाती उपाय बताया जा रहा है, ताकि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






