पटियाला पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध — डी.आई.जी. कुलदीप सिंह चहल
पटियाला, 12 दिसंबर: पटियाला पुलिस ने आज डी.आई.जी. पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल की अगुवाई में फ्लैग मार्च कर जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव–2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी, अमन–चैन और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने की अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। सरहिंद रोड के पास गाँव बारन में एस.पी. (स्थानीय) वैभव चौधरी और एस.पी. सिटी पलविंदर सिंह चीमा की देखरेख में इकट्ठी हुई पुलिस फोर्स ने डी.आई.जी. की अगुवाई में चुनाव वाले गाँवों के अंदर फ्लैग मार्च किया।
डी.आई.जी. कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि पंजाब राज्य चुनाव आयोग के दिशा–निर्देशों के तहत पटियाला ज़िले में वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में करवाई जाएगी और किसी भी शरारती तत्व को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर–भय के मतदान करें।
उन्होंने बताया कि पटियाला पुलिस ने जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के लिए सुरक्षा रणनीति तैयार कर ली है, जिसके अनुसार ज़िले भर में एस.पी., डी.एस.पी. और अन्य अधिकारियों की देखरेख में सभी ब्लॉक में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
डी.आई.जी. ने बताया कि ज़िले में सिविल प्रशासन और पुलिस द्वारा चिन्हित 21 अतिसंवेदनशील और 159 संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों पर राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के पटियाला से लगते सीमावर्ती ज़िलों में अवैध शराब, हथियारों, नशीले पदार्थों की तस्करी और चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी के गैर–कानूनी प्रवाह को रोकने के लिए 12 दिसंबर से 24 घंटे अंतर–राज्यीय संयुक्त नाके लगाए जा रहे हैं, साथ ही गश्त और अन्य आवश्यक कदम भी उठाए गए हैं।
इस मौके एस.पी. (स्थानीय) वैभव चौधरी ने बताया कि सभी सुरक्षा इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं और ज़िला पुलिस द्वारा लगभग 3100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, जिनमें 207 नॉन–गज़टेड अधिकारी शामिल हैं, को चुनावों के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा सभी एस.पी. और डी.एस.पी. को भी ज़िले भर में निगरानी की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
एस.पी. सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने कहा कि इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य मतदाताओं में यह संदेश पहुँचाना है कि वे बिना किसी डर–भय के मतदान करें और यह फ्लैग मार्च शरारती तत्वों के लिए भी एक कड़ा संदेश है कि वे अपनी हरकतों से बाज आ जाएँ, अन्यथा पुलिस सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मौके डी.एस.पी. सतनाम सिंह, जंगजीत सिंह रंधावा सहित थाना प्रभारियों और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।






