लुधियाना, 7 दिसंबर 2025: पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर रात करीब 10:30 बजे फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, एक XUV कार में सवार कुछ लोगों ने VIP लेन से बिना टोल दिए निकलने की कोशिश की और खुद को किसी विभाग का चेयरमैन बताने लगे।
जब टोल कर्मचारियों ने उनसे आईडी कार्ड दिखाने को कहा, तो कार सवार लोग भड़क गए और टोल स्टाफ पर गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई, हालांकि सौभाग्य से कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद टोल कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा के लिए डंडे उठाए। फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी भी बूथ से बाहर आए, लेकिन तब तक आरोपी कार से फरार हो चुके थे। पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
टोल कर्मी कुलजीत सिंह ने बताया कि SUV कार लुधियाना से फिल्लौर की ओर जा रही थी और उसमें 7 से 8 लोग सवार थे। आरोपियों ने VIP कार्ड दिखाने से इनकार कर दिया और जबरन गेट खुलवाने की कोशिश की। रोकने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और बाद में फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना तुरंत लाडोवाल पुलिस स्टेशन को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपी वारदात के बाद साउथ सिटी ब्रिज की ओर फरार हो गए। घटना के बाद टोल कर्मचारी दहशत में हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।






